देहरादून/श्रीनगर। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं सहित गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और पौड़ी जिले के लोगों को अब श्रीनगर मेडिकल कॉलेज बेस अस्पताल में हृदय संबंधित इलाज मिलेगा. दरअसल, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत मेडिट्रीना हेल्थ ग्रुप ने बेस अस्पताल में कार्डियक यूनिट का संचालन शुरू कर दिया है।

इसका उद्घाटन रविवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज में स्थायी नियुक्ति पाने वाले सहायक प्राध्यापकों ने स्वास्थ्य मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित भी किया.

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज बेस अस्पताल में मेडिट्रीना हेल्थ ग्रुप द्वारा संचालित कार्डियक यूनिट का औपचारिक उद्घाटन किया। डॉ. रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में कार्डियक यूनिट शुरू होने से चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और टिहरी जिले के लोगों के साथ-साथ चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ होगा.उन्होंने कहा कि मेडिट्रीना ग्रुप कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत यात्रा सीजन के दौरान कार्डियक यूनिट का संचालन करेगा, जिसके बाद राज्य सरकार पीपीपी मोड पर कार्डियक यूनिट को संचालित करने का निर्णय लेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने मेडिकल कॉलेज में नियमित रूप से नियुक्त 18 सहायक प्राध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए, साथ ही डॉक्टरों से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की अपेक्षा भी की, ताकि मेडिकल कॉलेज का नाम ऊंचा किया जा सके.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में मेडिकल कॉलेजों में 171 फैकल्टी सदस्यों की नियुक्ति की है, जिनमें से 18 फैकल्टी ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में पदस्थापन किया है. कहा कि जल्द ही श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त फैकल्टी उपलब्ध हो जाएगी। इसके साथ ही रीडर और प्रोफेसर को भी जल्द जारी किया जाएगा। इससे उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने मेडिकल कॉलेज में स्थायी फैकल्टी उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनसिंह रावत का आभार व्यक्त किया. कार्डियक यूनिट की स्थापना से चारधाम यात्रा के दौरान या स्थानीय स्तर पर कार्डियो से संबंधित किसी भी गंभीर मामले का शीघ्र उपचार हो सकेगा।

मेडिट्रीना हॉस्पिटल देहरादून के सेंटर हेड भावेश मोगा ने बताया कि कार्डियक सेंटर खुलने के 15 दिन के अंदर यहां कार्डियक ओपीडी भी शुरू की जाएगी।

इस मौके पर एमएस डॉ. रविन्द्र बिष्ट, डॉ. केएस बुटोला, डॉ. व्यास कुमार राठैार, डॉ. एके पांडेय, डॉ. विक्की वक्सी, डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. विक्टर सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद थे.

केदारनाथ : हेलीकॉप्टर के पंखे से टकराने पर यूकाडा के वित्त नियंत्रक अमित सैनी की मौत हो गई