देहरादून : लगातार तीन मैच जीतकर पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना पिछला मैच गंवाने वाली मुंबई इंडियंस को मंगलवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में जीत की राह पर लौटना होगा। तो उसे डेथ ओवरों की गेंदबाजी में सुधार करना होगा। मुंबई ने खराब शुरुआत के बाद जीत की हैट्रिक दर्ज की लेकिन शनिवार को पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ उसे 13 रन से हार का सामना करना पड़ा।

इस मैच में मुंबई के गेंदबाजों ने आखिरी पांच ओवर में 96 रन लुटाए जिससे पंजाब ने आठ विकेट पर 214 रन बनाए। गुजरात के खिलाफ मैच से पहले मुंबई को आखिरी ओवरों में खराब गेंदबाजी से जूझना होगा. मुंबई के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर, जेसन बेहरेनडॉर्फ, कैमरन ग्रीन और जोफ्रा आर्चर में से प्रत्येक ने उस मैच में 40 से अधिक रन लुटाए थे। अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला और उनके युवा साथी ऋतिक शौकीन ने हालांकि अच्छी गेंदबाजी की।

हालांकि मुंबई की बल्लेबाजी मजबूत नजर आ रही है। कप्तान रोहित शर्मा और इशान किशन ने टीम को अच्छी शुरुआत दी है, वहीं सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। इसके अलावा ऑलराउंडर ग्रीन और टिम डेविड ने भी बल्ले से उपयोगी योगदान दिया है। हालांकि गुजरात का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत है और ऐसे में मुंबई के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा।

इस सीजन में अपने स्कोर का बचाव नहीं करने के लिए गुजरात के गेंदबाजों की आलोचना की गई, लेकिन लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ उन्होंने डेथ ओवरों में कुछ शानदार गेंदबाजी के साथ अपने कम स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया।

गुजरात की जीत के हीरो अनुभवी मोहित शर्मा रहे, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच में 136 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने 14 ओवर में 105 रन बनाए थे लेकिन मोहित की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात मैच जीतने में सफल रहा. मोहित ने आखिरी ओवर में 12 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया।

मोहित ने जहां गुजरात के लिए असाधारण प्रदर्शन किया है, वहीं अनुभवी मोहम्मद शमी ने भी विकेट लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कप्तान हार्दिक पांड्या हालांकि अब तक अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पाए हैं और उनके नाम अब तक सिर्फ एक ही विकेट है। राशिद खान की अगुवाई में गुजरात का स्पिन आक्रमण भी मजबूत है और इसमें अफगानिस्तान के कलाई के स्पिनर नूर अहमद और अनुभवी जयंत यादव शामिल हैं।

पिछले मैच में जयंत ने अपने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ सात रन दिए जबकि नूर अहमद ने अपने आखिरी दो ओवरों में पांच रन देकर दो विकेट लिए।

बल्लेबाजी में रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल शीर्ष क्रम में अच्छा योगदान दे रहे हैं जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या ने पिछले मैच में सबसे ज्यादा रन बनाए। हालांकि, गुजरात को बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। इसके लिए डेविड मिलर को शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजना उचित होगा।

दस साल बाद भी मंगरोली गांव के खेत पानी के अभाव में सूखे