मसूरी : भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता कुमाई ने मसूरी महिला मोर्चा मंडल की नवगठित कार्यसमिति, मसूरी मंडल की सभी मोर्चा अध्यक्षों एवं मसूरी में रहने वाले जिला महानगर मोर्चा के सभी पदाधिकारियों का परिचय एवं अभिनंदन किया. मसूरी के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी का मसूरी भाजपा महिला मोर्चा की ओर से फूलों का गुलदस्ता और शाल भेंट कर स्वागत किया गया.
अगले चुनाव के लिए एकजुट होने की अपील : इस मौके पर मसूरी महिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता कुमाई ने एकजुट होकर अगले चुनाव के लिए काम करने की अपील की. मसूरी के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनाव के लिए काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव भारी मतों से जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता मिलकर रणनीति के तहत कार्य करें।
मसूरी के विकास के लिए हमेशा तैयार : मसूरी महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता कुमाई ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित है. ऐसे में पार्टी जिस भी प्रत्याशी को चुने और मैदान में उतारे, सभी उसके लिए जी-जान से काम करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी के लिए काम करने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी ने कहा कि मसूरी उनके परिवार का हिस्सा है और वह मसूरी को अपना घर मानती हैं. ऐसे में यहां के सभी लोग उनके परिवार के सदस्य हैं. वह और मंत्री गणेश जोशी उनके परिवार के हर उतार-चढ़ाव में उनके साथ खड़े रहने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी में कई योजनाओं के तहत कार्य किया जा रहा है।
कुछ परेशानियां जरूर आ रही हैं, लेकिन समय के साथ वे सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी। मसूरी का सौंदर्यीकरण तेजी से किया जाएगा। जिससे रोजगार के साधन मिल सकें और व्यापार में वृद्धि हो सके।

