देहरादून: पीएम मोदी के केंद्र में 9 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी उत्तराखंड में अपने सांसदों के साथ खास तरह के जनसंपर्क अभियान की तैयारी कर रही है. उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि सांसदों के इस विशेष अभियान पर सीधे केंद्र की नजर रहेगी.

इस विशेष अभियान के तहत पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी बड़े पैमाने पर जनसंपर्क की तैयारी की जा रही है. इस अभियान के तहत सभी योजनाओं के लाभार्थियों के अलावा सांसदों के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने का काम किया जाएगा.

आपको बता दें कि 30 मई को पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की केंद्र सरकार के लगातार दोनों कार्यकाल मिलाकर करीब 9 साल पूरे हो जाएंगे. वहीं, पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी इस मौके पर अगले महीने 15 मई से 15 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 मार्च को संसदीय दल की बैठक में इसके लिए स्पष्ट निर्देश दिया था.

पीएम मोदी ने इस जनसंपर्क अभियान का मकसद भी बताया.अपने निर्देश में पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में इस तरह का व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए, जिसमें केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा रूबरू हो. उनसे फीडबैक लिया जाए। साथ ही इस जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान अपने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया जाए।

उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि केंद्र द्वारा दिए गए इस कार्य में राज्य के सांसद सबसे अहम भूमिका निभाएंगे। महीने भर चलने वाले इस अभियान में वे अपनी विधानसभा में व्यापक जनसंपर्क करेंगे.

हम विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों को लोगों के सामने रखेंगे। जनसंपर्क के दौरान शिक्षक, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, कलाकार, खिलाड़ी, व्यवसायी, धार्मिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, पत्रकारों भी से भी जनसंपर्क किया जाएगा.