देहरादून। मणिपुर से 17 लोग आज सुरक्षित देहरादून पहुंच गए हैं। इसमें 14 छात्र-छात्राएं और एक फैकल्टी और उनके परिवार के दो सदस्य शामिल हैं। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचने पर इन सभी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार के त्वरित सहयोग से ही हम इतनी जल्दी और सुरक्षित देहरादून पहुंच पाए हैं.
राज्य के छात्र मणिपुर में राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय में अध्ययन करते हैं। माता-पिता विशेष रूप से मणिपुर में उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। हाल ही में मुख्यमंत्री धामी ने इन छात्रों की परेशानी को महसूस करते हुए मणिपुर में पढ़ने वाले छात्रों को सुरक्षित उत्तराखंड लाने के निर्देश दिए थे. साथ ही उन्हें वापसी के लिए हवाई टिकट आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में आज मणिपुर से कुल 17 लोग देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे. डोईवाला एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने एयरपोर्ट पर सभी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। जानकारी के अनुसार 17 छात्रों में 10 राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय से, 4 एनआईटी से और एक फैकल्टी और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं.
सभी छात्रों ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देहरादून लौटने पर राज्य सरकार ने उनकी हर तरह से मदद की. फ्लाइट टिकट के इंतजाम से लेकर मणिपुर में उनकी सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा गया. कहा कि वे बागेश्वर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी, काशीपुर के रहने वाले हैं। इन सभी को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से जिला प्रशासन की गाडिय़ों से आईएसबीटी देहरादून भेजा गया, जहां से इन्हें बस द्वारा इनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया जाएगा।

