अयोध्या-बाबरी मस्जिद मामले में मुस्लिम पक्ष के वकील जफरयाब जिलानी का बुधवार 17 मई को लखनऊ में निधन हो गया. बता दें कि जफरयाब जिला मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य थे। इसके अलावा वे बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के अध्यक्ष और यूपी के अतिरिक्त महाधिवक्ता रहे। वह लंबे समय से बीमार थे।
साल 2021 में ब्रेन हेमरेज हुआ था
जिलानी को दो साल पहले ब्रेन हैमरेज हुआ था। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2021 में वह
पैर फिसलने के कारण गिर गए थे। जिसके बाद उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ है। इसके बाद से जिलानी की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
शिवपाल यादव ने शोक व्यक्त किया
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने ट्वीट कर जफरयाब जिलानी के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट किया, “मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व अपर महाधिवक्ता जनाब जफरयाब जिलानी साहब के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है । ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति दे।”
वहीं समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व अपर महाधिवक्ता जनाब जफरयाब जिलानी साहब का इंतकाल, अपूरणीय क्षति! शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें.’ “
जफरयाब जिलानी को अयोध्या विवाद मामले में लगातार मुस्लिम पक्ष की बात मजबूती से रखने के लिए जाना जाता हैं. वह अयोध्या-बाबरी मस्जिद मामले में मुस्लिम पक्ष के वकील थे। जिलानी बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के अध्यक्ष भी थे।

