वंदे भारत ट्रेन दो दिन बाद देहरादून रेलवे स्टेशन से दिल्ली के बीच चलाई जाएगी। वंदे भारत मंगलवार को ट्रायल के लिए देहरादून रेलवे स्टेशन पहुंच गई है।

वहीं, ट्रेन के उद्घाटन के लिए देहरादून रेलवे स्टेशन को भव्य तरीके से सजाने का काम शुरू हो गया है. सोमवार से स्टेशन के दो प्लेटफॉर्म (एक व दो) पर टेंट लगाने व रंग रोगन का काम शुरू हो गया। 24 मई को दोनों प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों की आवाजाही बंद रहेगी।

दून से चलने वाली यह ट्रेन देश की 18वीं वंदे भारत ट्रेन होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 25 मई को सुबह 11 बजे ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर दून रेलवे स्टेशन के दो प्लेटफॉर्म पर 300 मीटर से ज्यादा लंबा टेंट लगाया जाएगा। जबकि स्टेशन पर रखे गमलों को रंगने का काम तेजी से किया जा रहा है।

सोमवार को डीआरएम मुरादाबाद मंडल अजय नंदन समेत कई रेलवे अधिकारियों ने देहरादून स्टेशन का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया. इसके बाद सभी अधिकारी रुड़की रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए .

प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना होगी
डीआरएम मुरादाबाद अजय नंदन कुछ दिनों के लिए देहरादून में हैं। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 25 से ज्यादा मजदूर टेंट लगाने के काम में लगे हैं. जबकि कुछ गमलों और स्टेशनों के आसपास रंग रोगन का काम कर रहे हैं। रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि दोनों प्लेटफॉर्म तैयार होने के बाद दोनों प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी.

वंदे भारत ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर एक से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। ट्रेन कब तक देहरादून पहुंचेगी, ट्रेन संचालन, समय, टिकट और स्टॉपेज के संबंध में अधिसूचना अभी तक जारी नहीं की गई है। रेलवे की ओर से यह नोटिफिकेशन एक-दो दिन में जारी कर दिया जाएगा।