नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी 59वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने ट्विटर पर कहा कि मैं हमारे पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देता हूं.
इसके अलावा कांग्रेस कमेटी ने भी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 59वीं पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और पूर्व सांसद राहुल गांधी ने यहां शांति वन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस मौके पर ट्वीट किया और देश के लिए नेहरू के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती है। लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को दृढ़ता से निर्देशित किया। ‘हिन्द के जवाहर ‘ को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।
आपको बता दें कि जवाहरलाल नेहरू ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में प्रमुख भूमिका निभाई थी। 1947 में आजादी के बाद वे भारत के पहले प्रधानमंत्री भी बने। भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने के लिए नेहरू ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के प्रमुख नेताओं में से एक थे। नेहरू महात्मा गांधी के भी काफी करीब थे।
27 मई, 1964 को 74 वर्ष की आयु में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री ने अंतिम सांस ली। वह 1947 से 1964 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उन्हें बच्चों से बहुत लगाव था। बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहते थे। नेहरू की जयंती को भारत में हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

