सोनीपत: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार सुबह अचानक हरियाणा के सोनीपत जिले के बरोदा विधानसभा पहुंच गए. यहां उन्होंने मदीना गांव के खेतों में किसानों और मजदूरों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं. इसके बाद राहुल गांधी ने ट्रैक्टर चलाया और किसानों-मजदूरों के साथ धान की रोपाई की. राहुल गांधी के आने की सूचना मिलने पर बरोदा कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल और गोहाना विधायक जगबीर सिंह मदीना गांव पहुंचे.

उधर, राहुल गांधी के बारे में जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उनसे मिलने पहुंचे. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी शनिवार सुबह दिल्ली से शिमला के लिए रवाना हुए. कुंडली बॉर्डर पर पहुंचने के बाद उन्होंने अचानक अपना कार्यक्रम बदल दिया और सोनीपत के लिए रवाना हो गए। इसके बाद राहुल गांधी मुरथल होते हुए गोहाना के लिए रवाना हो गए. सुबह करीब सात बजे राहुल गांधी बरोदा विधानसभा के मदीना गांव पहुंचे.

मदीना गांव पहुंचकर उन्होंने देखा कि किसान धान की फसल लगा रहे थे। उनके साथ राहुल गांधी ने भी धान की रोपाई की. राहुल गांधी ने किसानों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं. राहुल गांधी मैदान में ट्रैक्टर चलाते भी दिखे. इससे पहले राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें राहुल गांधी एक ट्रक में बैठे नजर आ रहे थे.

राहुल ने चंडीगढ़ से अंबाला तक ट्रक में यात्रा की। उस वक्त भी राहुल गांधी दिल्ली से शिमला के लिए रवाना हुए थे. इस दौरान उन्होंने ट्रक चालकों से बात की और उनकी समस्याएं जानीं.