देहरादून शहर में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें और चौराहे तालाब जैसे नजर आए. आईएसबीटी पर सर्विस लेन नाले में तब्दील हो गई है। वहीं माजरा, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक, हरिद्वार रोड, तेलपुर, प्रेमनगर समेत अन्य इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से वाहन फंस गए।

इसके अलावा आईएसबीटी, सहारनपुर रोड, गांधी रोड, राजपुर रोड, लाल पुल से कारगी, आईएसबीटी बाईपास, जौगीवाला, चकराता रोड, ईसी रोड, रायपुर रोड पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा।वहीं, सीएम धामी मंगलवार दोपहर आईएसबीटी क्षेत्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. वहां उन्होंने आसपास के प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया. इस बीच डीएम सोनिका ने उन्हें नुकसान की जानकारी दी।

शहर में चल रहे निर्माण के कारण परेशानी बढ़ गयी है
बारिश के बीच शहर में सीवर, नाली, पेयजल का निर्माण कार्य लोगों के लिए आफत बन गया है। कॉलोनियों में सीवरेज और पेयजल लाइन के लिए खोदी गई सड़कें कीचड़ से भर गई हैं। वहीं, लोनिवि की ओर से फिलहाल लालपुल से कारगी चौक तक सीवरेज का निर्माण किया जा रहा है। यहां सड़क पर ही निर्माण सामग्री डाल दी जाती है। जिसके कारण लंबा जाम लग गया है.