हरिद्वार: 4 जुलाई से कांवड़ यात्रा चल रही है. इस समय कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है. उधर, उत्तराखंड में भारी बारिश आसमान से आफत बनकर बरस रही है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक बारिश से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है. पहाड़ों से लेकर शहरों तक हरिद्वार में आज भी कांवड़ियों के कदम नहीं डगमगाते हैं. भारी बारिश और सैलाब के बावजूद कांवड़िये बड़ी मात्रा में गंगा जल लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं.

हालांकि कुछ हद तक बारिश कांवड़ियों को परेशान जरूर कर रही है। लेकिन यात्रा रोक नहीं पा रही है.

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश हरिद्वार में शिवभक्तों (कांवड़ियों) के लिए कुछ परेशानियां खड़ी कर रही है। देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण धर्मनगरी की सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है, लेकिन फिर भी भारी बारिश के बीच कांवरिये अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं. रानीपुर रेलवे पुल और मुख्य सड़क पर समुद्र जैसा नजारा है।उधर चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, पुराना रानीपुर मोड़, सिटी हॉस्पिटल मार्ग, आर्य नगर चौक, सिंह द्वार आदि मार्गों पर बारिश के पानी से सड़कें लबालब है. जलभराव के कारण अधिकांश मार्ग प्रभावित हैं. ऐसा कहा जा सकता है कि इस बार भगवान भोलेनाथ भी शिवभक्तों की अग्नि परीक्षा ले रहे हैं.

स्थानीय निवासी रणवीर शर्मा का कहना है कि देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण अधिकारियों को गंगा का जलस्तर कम करना चाहिए था. अगर गंगा का जलस्तर कम होता तो सड़कों और कॉलोनियों में पानी नहीं भरता। गोविंदपुरी, खन्ना नगर, विष्णु गार्डन, कृष्णा नगर, ऋषि कुल एवं ज्वालापुर के धीरवाली, कटहरा बाजार, गुरुद्वारा रोड, पावधोई आदि हर जगह जलभराव की स्थिति है।