टिहरी: उत्तराखंड में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. बारिश के कारण नदियाँ उफान पर हैं और भूस्खलन के कारण कई लोग बेघर हो गए हैं। जिन्हें अस्थायी राहत शिविरों में रात गुजारनी पड़ रही है. वहीं, ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है टिहरी में, जहां 6 परिवारों को स्कूल में शिफ्ट किया गया.
गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण प्रतापनगर विधानसभा के अंतर्गत भेलुन्ता-हलेत- देवल मोटर मार्ग छेरदानू के पास ध्वस्त होने से 6 परिवारों पर संकट मंडरा गया है। इसके चलते खतरे को देखते हुए पास के गांव के 6 परिवारों के 30 लोगों को स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया है. ग्राम प्रधान दिनेश जोशी ने बताया कि इस सड़क की हालत के बारे में कई बार पीएमजीएसवाई को बताया गया।

लेकिन पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा आज गांव के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है. भारी बारिश के कारण सड़क धंस गई, जिससे 6 परिवारों के मकानों को खतरा हो गया.
सुरक्षा कारणों से प्रभावित परिवारों को गांव के स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया है। आपको बता दें कि राज्य में बारिश से लोग परेशान हैं. कई जगहों पर भूस्खलन से लोगों के घरों को खतरा पैदा हो गया है. जिसके बाद लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरी जगह शरण लेनी पड़ी है. पिछले दिनों पिथौरागढ़ के धारचूला में भूस्खलन से एक मकान ढह गया और कई मकानों को खतरा पैदा हो गया। कमोबेश ऐसी स्थिति पहाड़ों पर कई स्थानों पर बनी हुई है।


Recent Comments