हरिद्वार: हिंदू धर्म में सावन माह की अमावस्या के दिन पूजा और अनुष्ठान विशेष फलदायी बताए गए हैं. मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। उधर, धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवती अमावस्या के दिन गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजा आदि कर पुण्य कमाया।

19 साल बाद बन रहा दुर्लभ योग: बता दें कि आज सोमवती अमावस्या है। सोमवारी अमावस्या पड़ने का विशेष महत्व होता है।सोमवती अमावस्या व्यक्ति के लिए शुभ और जीवनदायी होती है और सावन में सोमवती अमावस्या पड़ने का बहुत कम योग होता है। यह योग करीब 19 साल बाद बना है।सोमवती अमावस्या पर सुबह से ही हरिद्वार के गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

पितरों के लिए पूजा का महत्व : इस दिन श्रद्धालु गंगा स्नान और दान करके पुण्य कमाते हैं। मान्यता है कि इस अवसर पर मां गंगा में स्नान करने से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं. इससे भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर पितरों की पूजा करने से जीवन में सुख-शांति आती है।

पर्व पर गंगा स्नान का विशेष महत्व: पंडित मनोज त्रिपाठी का कहना है कि वैसे तो सभी अमावस्या पर गंगा स्नान का महत्व है। लेकिन सोमयुता यानि सोमवती या भोमायुता यानि भौमवती अमावस्या विशेष शुभ होती है। इसकी खूबी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इस सोमवती अमावस्या का इंतजार खुद भीष्म पितामह शरशय्या पर लेटे हुए करते थे। सोमवती अमावस्या के दिन गंगा स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ के समान फल मिलता है।

व्यक्ति की हर मनोकामना पूरी होती है: इस दिन अपने पितरों के लिए तर्पण, श्राद्ध आदि करें, पीपल के पेड़ की पूजा करें, पितरों की इच्छानुसार 108 परिक्रमा करें तो व्यक्ति के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। इस दिन गंगा आदि पवित्र नदियों में स्नान का बहुत महत्व है। इस दिन ब्रह्मकुंड में स्नान करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। इस दिन दान-पुण्य का भी विशेष महत्व है।

उधर, सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासनिक तंत्र की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मेला क्षेत्र को 11 सुपर जोन, 22 जोन और 69 सेक्टर में बांटा गया है और अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गयी है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ितों को सहायता राशि दी