रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बुधवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी थी कि मंदिर परिसर में कहीं भी पैर रखने की जगह नहीं थी. केदारनाथ धाम में भीड़ उत्तरकाशी जिले से आई देव डोलियों के साथ पैदल आये श्रद्धालुओं की थी। लंबे समय बाद बुधवार को मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं .
देव डोलियां करती हैं बाबा केदारनाथ के दर्शन: करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र केदारनाथ धाम में इंसानों के अलावा देव डोलियां भी दर्शन के लिए जाती हैं। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट से बाबा बौखनाथ एवं भगवान रुद्रेश्वर महादेव की डोली दर्शन के लिए केदारनाथ पहुंची। केदारनाथ पहुंचने पर डोली का भक्तों ने भव्य स्वागत किया। देव डोली के केदारनाथ धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़. केदारनाथ मंदिर परिसर पूरी तरह से श्रद्धालुओं से भरा हुआ था.

केदारनाथ में पौराणिक नृत्य: लंबे समय के बाद मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। देव डोलियों के साथ-साथ आये कई व्यक्तियों पर देवता भी अवतरित हुये और भक्तों को आशीष दिया । बाबा केदार के मंदिर परिसर में देव डोलियां भी नृत्य करने लगी और भक्तों को आशीर्वाद देने लगे। डोलियों के साथ आए भक्तों ने पौराणिक नृत्य भी प्रस्तुत किया।
अब तक 34 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके हैं चारधाम की यात्रा: इस बार के आंकड़ों की बात करें तो अब तक 3,485,981 (34 लाख 85 हजार 981) श्रद्धालु चारधाम की यात्रा कर चुके हैं. अगर किसी स्थान पर सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की बात की जाए तो केदारनाथ धाम सबसे आगे है। अब तक 11,71,747 (11 लाख 71 हजार 747) श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
अब तक 11,28,298 (11 लाख 28 हजार 298) श्रद्धालु मोक्षधाम बद्रीनाथ पहुंच चुके हैं. उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम में 6,51,091 (6 लाख 51 हजार 91) श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. उत्तरकाशी जिले में ही स्थित यमुनोत्री धाम में अब तक 5,34,845 (5 लाख 34 हजार 845) श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।


Recent Comments