मसूरी : किंक्रेग में पुश्ता ढहने से आस पास रह रहे परिवारों और रैन बसेरों को हो रहे खतरे को देखते हुए एसडीएम नंदन कुमार ने मौके पर निरीक्षण किया और मौसम को देखते हुए तत्काल प्रभाव से पुश्ता लगाने के आदेश दिये. वहां रहने वाले लोगों को राहत केंद्र भेजा गया ताकि परिवार सुरक्षित रह सके.

एसडीएम नंदन कुमार ने किंक्रेग में रैन बसेरे का पुश्ता ढहने की घटना का निरीक्षण किया, क्योंकि वहां कई परिवार रहते हैं, जो खतरे में हैं, वहीं रैन बसेरा के नीचे पुश्ता ढहने से खतरा पैदा हो गया है। एसडीएम ने नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सीजन की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए यहां तत्काल पुश्ते लगाए जाएं और यहां रहने वाले परिवारों को विस्थापित करने के भी निर्देश दिए है।

जहां तक ​​मुआवजे की बात है तो ऐसा कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन फिर भी इस पर गौर किया जाएगा और जो भी संभव होगा किया जाएगा। उधर, स्थानीय निवासियों ने एसडीएम को समस्या बताते हुए कहा कि वे पूरी रात सो नहीं सके और खतरे को देखते हुए परिवार के साथ जागते रहे।

इस मौके पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने एसडीएम से मरम्मत पूरी होने तक वहां रहने वाले परिवारों को विस्थापित करने की मांग की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी उपस्थित थे।