ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के अंतर्गत आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने आला अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र तटबंध एवं पुश्ता निर्माण के निर्देश दिये।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रविवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने ढालवाला वार्ड 11 में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और फिर पैदल ही ढुंगुखाला व भैंसखाला की ओर रवाना हुए।

जिसके बाद उन्होंने दूरभाष पर जिलाधिकारी को ढुंगुखाला से पुराने आरटीओ कार्यालय तक शीघ्र तटबंध बनाने के निर्देश दिये। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने खाराश्रोत में उस स्थान का निरीक्षण किया जहां से पानी का सैलाब फूट पड़ा था। उन्होंने उपजिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह नेगी को यहां शीघ्र तटबंध निर्माण व नालों को शिफ्ट करने के निर्देश दिये।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अभी बरसात का मौसम है, आपदाग्रस्त क्षेत्रों में नुकसान की आशंका है। इसके तहत शीघ्र ही विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

इस मौके पर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गंभीर सिंह असवाल, जेई रूपेश भट्ट, सभासद विरेन्द्र चौहान, सुभाष चौहान, सभासद प्रतिनिधि राजेंद्र थलवाल, रोहित गोडियाल आदि मौजूद थे।