देहरादून : जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक में उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने उद्यमियों को ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया, साथ ही उद्यमियों के ब्याज उपादान के दावों का भुगतान नियमानुसार शीघ्र करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक हुई, जिसमे एम.एस.एम.ई.नीति-2015 के अंतर्गत उद्यमियों के ब्याज उपादान से संबंधित 18 दावे स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किए गए। समिति के समक्ष लंबित ब्याज उपादान मामले के साथ ही एक नया मामला भी रखा गया.

बैठक में नियमित ऋण किस्त एवं ब्याज भुगतान करने वाली इकाइयों को दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपादान स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी के अनुसार ब्याज अनुदान के रूप में स्वीकृत धनराशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा यदि किश्त जमा करने एवं ब्याज के सम्बन्ध में बैंकों एवं उद्यमियों के विवरण में कोई अन्तर हो तो पहले बैंक द्वारा सत्यापित कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए ऋण देने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा कागजी औपचारिकताएं कम से कम रखी जाएं। इस संबंध में बैंकों एवं संबंधित विभागों को ठोस प्रयास करने चाहिए।बैठक में मिनी औद्योगिक आस्थान पुरोला में अतिक्रमण हटाने एवं सीमांकन करने के संबंध जिलाधिकारी ने खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारियों वार्ता करने और मिनी औद्योगिक आस्थान गणेशपुर में सड़क सुधर, पार्किंग आदि कार्यों के संबंध में उद्योग निदेशालय एवं सिडकुल के अधिकारियों को पत्र भेजे जाने के निर्देश दिए।

बैठक में मिनी औद्योगिक आस्थान सैणी में प्रस्तावित दो परियोजनाओं में संशोधन के संबंध में अनुरोध पर निर्णय लिया गया कि संबंधित उद्यमियों से नई योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्राप्त कर निवेश, रोजगार सृजन, कच्चे माल की उपलब्धता एवं व्यवहार्यता की कसौटी पर उपयुक्त पाए जाने पर ही परियोजना में बदलाव पर विचार होगा.

बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्यम स्थापना के लिए 22 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 21 को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। यह भी कहा गया कि उद्यमियों की सुविधा के लिए धारा-143 के तहत भूमि उपयोग परिवर्तन की मंजूरी की प्रक्रिया को भी सिंगल विंडो सिस्टम में शामिल किया गया है। जिससे तय समय में आवश्यक मंजूरी मिल रही है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागों एवं बैंकों से स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन पत्रों के शीघ्र निस्तारण की अपेक्षा की। बैठक में अशोक सेमवाल एवं अन्य उद्यमियों ने अपनी समस्यायें एवं सुझाव प्रस्तुत किये।

इस बैठक में कार्यपालन अभियंता विद्युत मनोज गुसांई, राज्य कर अधिकारी एसएस रावत, परियोजना अधिकारी उरेडा शिव सिंह मेहरा, कोषाधिकारी हरीश चन्द्र आर्या, लीड बैंक प्रबंधक राजीव कुमार सिंह, एसएओ उद्योग एससी सेमवाल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

रक्षाबंधन समारोह की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी