विकासनगर : कालसी क्षेत्र के लखवाड़ गांव में भूधंसाव से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए तहसील प्रशासन की टीम पहुंची। टीम ने गांव के रास्तों और आवासों में दरारें देखीं। टीम भूधंसाव से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर गांव में भूवैज्ञानिक जांच कराने का निर्णय लिया जाएगा।

कृषि उत्पादन मंडी समिति साहिया के अध्यक्ष जगमोहन सिंह चौहान ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर लखवाड़ गांव में हो रहे भूधसाव की जानकारी दी थी। एसडीएम कालसी युक्ता मिश्रा के आदेश पर राजस्व निरीक्षक अनिल कुकरेती, राजस्व उपनिरीक्षक रतिराम, साधू सिंह आदि की टीम बुधवार को ग्राम लखवाड़ पहुंची।

प्रशासनिक टीम के साथ-साथ ग्राम प्रधान रुचि चौहान और क्षेत्रीय लोगों ने गांव का दौरा किया। प्रधान और स्थानीय लोगों ने टीम को गांव की सार्वजनिक सड़क में भूधसांव द्वारा बनाई गई दरारें दिखाईं। टीम ने भूधंसाव से क्षतिग्रस्त हुए घरों का भी निरीक्षण किया।

स्थानीय लोगों ने हाल ही में जाखन गांव में भूस्खलन से हुए भारी नुकसान को देखते हुए भविष्य में लखवाड़ और आसपास के गांवों की सुरक्षा को लेकर आशंका व्यक्त की है। निवासियों ने यह भी आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्र की भूवैज्ञानिक जांच करके निवारक सावधानी बरती जाए। इस मौके पर सुमित चौहान, यशपाल सिंह चौहान समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम युक्ता मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार में चंडी देवी मंदिर परिसर के पास भूस्खलन हुआ , दुकानें खाली कराई गईं, श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक