देहरादून,
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भाई-बहन के पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
अपने शुभकामना संदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि महिलायें आज हर क्षेत्र में पुरूषों से आगे निकल चुकी हैं। देश का नेतृत्व कर चुकी महिलाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व की क्षमता पुरूषों से अधिक होती है। अनादिकाल से महिलाएं समाज की पथ प्रदर्शक रही हैं उन्होंने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। विश्व में भारतीय नारियों का एक महत्वपूर्ण स्थान है, भारतीय नारियों ने हमेशा हर क्षेत्र में चाहे विज्ञान और तकनीक का क्षेत्र हो चाहे राजनीति का, हर क्षेत्र में कुशल नेतृत्व किया है। महिलाओं ने अंतरिक्ष में पहुंचने का कीर्तिमान भी स्थापित किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की याद दिलाता है। सृष्टि के निर्माण में नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान है। उत्तराखण्ड नारी शक्ति की अस्मिता एवं सम्मान की रक्षा के आन्दोलन का केन्द्र रहा है,। इसी धरती पर जन्मी दक्ष पुत्री मां सती ने अपने पति के मान-सम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक की आहुत दे दी थी। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि उत्तराखण्ड की देवभूमि को मां गंगा, यमुना, सरस्वती जैसी अनेकानेक पवित्र सरिताओं के उद्गम का सौभाग्य प्राप्त है। हमारी इस धरती ने परोपकार तथा राष्ट्र की एकता और अखण्डता का संदेश दिया है। रक्षाबंधन का त्यौहार हमें उसी नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देता है।

