रुड़की,
मानसून कमजोर पड़ने के बाद लगभग एक सप्ताह से वर्षा का क्रम थमा हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है, जिससे तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। यही हाल रुड़की का भी है। भीषण गर्मी ने शहरवासियों का हाल बेहाल कर दिया है।
आलम यह है कि शहर के दिन का तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। जबकि रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ है। ऐसे में उमस भरी गर्मी ने लोगों की रात की नींद और दिन का चौन छीन लिया है।
शिक्षानगरी के लोगों को आग उगलती गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को भी आसमान में दिनभर तीखी धूप खिली रही, जिसके कारण लोग पसीना-पसीना होते रहे। हालांकि बीच-बीच में कई बार बादल भी आए लेकिन एकाएक गायब भी हो गए। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल सकी। वहीं पंखे और कूलर की हवा भी लोगों को गर्मी से सुकून नहीं दे पा रही है।?

