-बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ बेचने पर 12 दुकानदारों को नोटिस
टिहरी,
खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और औषधी प्रशासन विभाग की टीम ने लंबगांव, प्रतापनगर, मांजफ, जखवाल गांव, मोटणा बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने 19 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने और दुकान में रेट लिस्ट चस्पा न होने पर 12 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस थमाया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने बताया कि लगभग 35 दुकानों में चेकिंग अभियान चलाया गया। चार दुकानों से एक्सपायरी डेट का आटा, दलिया, सूजी, बेसन, नमकीन के पैकेट बरामद किए गए जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया। एक्सपायरी डेट का खाद्य पदार्थ पाए जाने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। दुकान में रेस्ट लिस्ट चस्पा न करने और बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ बेचने पर 12 व्यापारियों को मौके पर कारण नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष युद्धवीर सिंह राणा, दर्शन सिंह पोखरियाल, मोर चंद रमोला व सुरेश रावत मौजूद थे।

