अल्मोड़ा , PAHAAD NEWS TEAM
कोरोना के बढ़ते कहर के बीच अब ब्लैक फंगस नाम की बीमारी ने भी दस्तक दे दी है. देहरादून में काले फंगस का मरीज मिलने के बाद अब कुमाऊं के अल्मोड़ा में ब्लैक फंगस का संदिग्ध मरीज मिला है. सिटी स्कैन में संदिग्ध मरीज में काले फंगस के लक्षण मिलने पर उसे आगे की जांच के लिए सुशील तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है.
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अमित आर्या ने बताया कि 64 वर्षीय बुजुर्ग को पिछले दिनों कोरोना संक्रमित होने के बाद कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तीन दिन पहले अचानक उसकी आंख में सूजन और तेज सिर दर्द की शिकायत बढ़ गई। उनका सीटी स्कैन कराया गया। उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन में काले फंगस के लक्षण पाए गए हैं. वह कोरोना संक्रमित होने के साथ-साथ शुगर के भी मरीज हैं। अल्मोड़ा में ब्लैक फंगस की जांच की सुविधा नहीं होने पर संदिग्ध मरीज को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है.
मरीज में ब्लैक फंगस की पुष्टि आगे की जांच के बाद होगी. लेकिन मरीज में जो लक्षण मिले हैं, वह ब्लैक फंगस की तरह ही मिले हैं.
जानिए काले फंगस के लक्षण
• बुखार आ रहा हो, सिर दर्द हो रहा हो, खांसी हो या सांस फूल रही हो |
• नाक बंद हो, नाक में म्यूकस के साथ खून आना |
• आंख में दर्द हो, आंख फूल जाए, एक चीज दो दिख रही हो या दिखना बंद हो जाना |
• चेहरे में एक तरफ दर्द हो, सूजन हो या सुन्नपन होना |
• दांत में दर्द, दांत हिलने, चबाने में दांत दर्द करने के लक्षण |
• उल्टी में या खांसने पर बलगम में खून आना |

