रामनगर , PAHAAD NEWS TEAM
एनएच-309 पर गांव नया चौहान के एक बगीचे में लीची से लदे 29 पेड़ों पर भू माफियाओं ने आरी चलाई . सूचना मिलते ही उद्यान विभाग में हड़कंप मच गया। जिसके बाद उद्यान प्रभारी ने क्षेत्र का निरीक्षण किया.
दरअसल, रामनगर विकासखंड के कुछ ग्रामीण इलाकों को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी ने फल पट्टी क्षेत्र घोषित किया था. जिसके तहत इन ग्रामीण क्षेत्रों में यह आदेश लागू था कि बिना विभागीय अनुमति के फलदार पेड़ों को काटना अवैध माना जाएगा. लेकिन रामनगर क्षेत्र में सरकार के इन आदेशों की भूमाफिया विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत करके खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है. इतना ही नहीं अवैध रूप से फलदार पेड़ों को काटकर भू-माफिया यहां कॉलोनियां विकसित करने का काम कर रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले रामनगर क्षेत्र में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। पता चलने के बाद विभाग या तो जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करता है या फिर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुप बैठ जाता है. जिसके चलते भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं । उद्यान प्रभारी अर्जुन सिंह परवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण किया तो पता चला कि लीची से लदे 29 पेड़ों का अवैध रूप से कटान किया गया. जिसकी विभाग से कोई अनुमति बगीचे स्वामी द्वारा नहीं ली गई है ।
उद्यान प्रभारी ने कहा कि इस मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द मामला दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी. इसी के साथ मौके पर पहुंची टीम ने मौके पर लीची के पेड़ की कटी हुई कुछ लकड़ियों को भी जप्त किया हैं.

