अल्मोड़ा , PAHAAD NEWS TEAM

अल्मोड़ा जिले के बाड़ेछीना सेराघाट मोटर मार्ग पर चोपड़ाथल नामक स्थान पर पुलिस ने एक कमरे से 320 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की है. यह कार्रवाई पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की। बरामद विस्फोटकों का इस्तेमाल पहाड़ तोड़ने और खड़िया की खदानों में इस्तेमाल किया जाता है। इस मामले में पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अपने कब्जे में लेकर एक आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने दी जानकारी

राजस्व उप निरीक्षक कृपाल सिंह बेलवाल ने बताया कि कुल 320 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया जिसे सड़क से सटे एक घर के कमरे में अवैध रूप से रखा गया था. आरोपी के पास विस्फोटक सामग्री का वैध लाइसेंस नहीं था, जिसे देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से गोदाम प्रभारी शेर सिंह को धारा 5, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत गिरफ्तार किया है ।

राजस्व उपनिरीक्षक कृपाल सिंह बेलवाल ने बताया कि बरामद विस्फोटकों में से 5 पेटी नाइट्रेट मिश्रण, 3 पेटी डेटोनेटिंग फ्यूज, दो रोल डेटोनेटिंग वायर, पांच पेटी सेफ्टी फ्यूज, तथा 47 क्ववाइल शामिल थी . पुलिस के मुताबिक इसका इस्तेमाल अवैध खनन के लिए किया जाता है।

बताया जा रहा है कि बरामद विस्फोटक एक कंपनी का हैं। कंपनी के प्रतिनिधि का कहना है कि वे सड़क निर्माण और अन्य कार्यों के लिए लाइसेंसधारी ठेकेदारों को विस्फोटक की सप्लाई करते हैं. कंपनी का गोदाम करीब 150 मीटर की दूरी पर है, लेकिन सड़क खराब होने के कारण इसे गोदाम तक नहीं ले जाया जा सका और इसे कर्मचारी के ठहरने के लिए इस्तेमाल होने वाले कमरे में रखा गया.

एसएसपी अल्मोड़ा पंकज भट्ट ने बताया कि इस मामले में फिलहाल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, विस्फोट क्यों रखा गया, इसकी जांच की जा रही है.