बाजपुर के भूमि प्रकरण मामले को लेकर बीते 9 दिनों से क्रमिक अनशन कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह ने समर्थन दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को समय रहते किसानों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक देना चाहिए। यदि जल्द ही सरकार ने किसानों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक नहीं दिया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बता दें कि बाजपुर के 20 गांव की 5838 एकड़ भूमि प्रकरण मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद यादव बीते 9 दिनों से भगत सिंह चौक पर क्रमिक अनशन कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के चल रहे क्रमिक अनशन को गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह ने अपना समर्थन दिया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल शासनादेश जारी कर किसानों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक देना चाहिए। वहीं अरविंद यादव ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू की गाइडलाइन का पालन करते हुए सपा कार्यकर्ता क्रमिक अनशन कर रहे हैं। जैसे ही सरकार की गाइडलाइन समाप्त होगी, उसके बाद हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
9 दिनों से क्रमिक अनशन जारी

