हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित मिस्सरपुर की भागीरथी विहार कॉलोनी में 20 मई को हुई 80 वर्षीय वृद्धा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 4 आरोपियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। कनखल थाने में SP सिटी कमलेश उपाध्याय ने प्रेसवार्ता कर इस हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए 6 टीमें गठित की हुई थी। पुलिस की जांच में आरोपियों ने कबूला कि वे सभी लोग दिन में शनिदान और अन्य तरह से भीख मांगने का काम करते हैं। दिन में रेकी करने के बाद रात को डकैती और लूट की घटना को अंजाम देते हैं। आरोपियों को मृतक वृद्ध महिला ने कई बार दान दक्षिणा भी दी थी। भीख मांगने के दौरान 20 मई को दिन में वृद्धा के घर मे ताला लगा देख उन्होंने लूट करने की योजना बनाई और रात को ही वारदात को अंजाम दे दिया। 20 मई की रात चारों आरोपी साइकिल से वृद्धा के घर पहुँचे थे। हरिद्वार SP सिटी कमलेश उपाध्यक्ष ने बताया कि चारों आरोपी बाहर लगे कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। लूट के दौरान वृद्ध महिला का मुँह और हाथपैर बांध दिए थे जिस कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने CCTV फुटेज और फोरेंसिक जाँच के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की है। गिरफ्तार आरोपियों में सोमपाल यूपी के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है जबकि नीटू और सोनवीर लक्सर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस हत्याकांड में शामिल मीनू नाम का आरोपी फरार है। कमलेश उपाध्याय ने यह भी बताया कि आरोपी सोनवीर और सोमपाल पर हत्या, लूट और डकैती के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वृद्ध महिला के हत्याकांड का सकुशल खुलासा करने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि कनखल थाना क्षेत्र में जिस तरह से वृद्ध महिला की हत्या और घर में लूटपाट कर आरोपी मौके से फरार हो गए थे और पुलिस के हाथ खाली थे पुलिस द्वारा इस खुलासे के बाद राहत की सांस ली गई है।