देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का चेहरा कौन होगा, इसको लेकर चल रही चर्चा के बीच नैनीताल के सांसद और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत स्वाभाविक रूप से पार्टी का चेहरा होंगे. उन्होंने दावा किया कि तीरथ के नेतृत्व में भाजपा को एक बार फिर प्रचंड बहुमत मिलेगा।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्वाभाविक तौर पर जो मुख्यमंत्री होता है, वहीं सत्तासीन पार्टी का चेहरा होता है । उसी की अगुआई में जनता के बीच जाया जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अतीत में जब भी चुनाव हुए, सत्ताधारी दलों के चेहरे मुख्यमंत्री रहे हैं. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ही पार्टी का चेहरा होंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सौम्य और मृदुभाषी और जमीन से जुड़े नेता हैं। उनके नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव की घोषणा होगी तो तीरथ के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से पार्टी की जीत के लिए जुटेंगे. एक सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट जाते हैं. बीजेपी ने भी रणनीति तय कर ली है. हालांकि, भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो चुनाव तय होने के बाद भी जनता की सेवा करती रहती है।