हरिद्वार के अटल बिहारी वाजपेई स्टेट गेस्ट हाउस के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की हकीकत 3 सालों में ही सामने आ गई है। साल 2017 में करीब 17 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए गेस्ट हाउस की छतों से बारिश का पानी टपक रहा है। खास बात यह है कि गेस्ट हाउस के जिन कमरों में बारिश का पानी भर रहा है वे वीवीआइपी रूम हैं, जिनमें मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को ठहराया जाता है। गेस्ट हाउस के व्यवस्था अधिकारी की ओर से कई बार इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी गई लेकिन अभी तक गेस्ट हाउस की मरम्मत नहीं हो पाई है। अर्धकुंभ 2016 की निधि से कार्यदाई संस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम ने लुधियाना की एक कंपनी से गेस्ट हाउस का निर्माण कराया था। 24 कमरों के स्टेट गेस्ट हाउस के निर्माण में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत आई थी। फिलहाल राज्य संपत्ति विभाग गेस्ट हाउस का संचालन कर रहा है।