मसूरी:- भाजपा मसूरी मंडल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 123वां जन्म दिवस तिलक लाइब्रेरी प्रांगण में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और मिष्ठान वितरण कर मनाया। इस अवसर पर, उनके देश हित में किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भाजपा मसूरी मंडल के अध्यक्ष राकेश रावत ने कहा कि उनकी जयंती सार्वजनिक रूप से बाल गंगाधर तिलक लाइब्रेरी प्रांगण में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मनाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा मंडल के सभी बूथों पर डॉ. मुखर्जी को याद किया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि केंद्र और राज्य की सरकारें उनके पदचिन्हों पर चलकर उनके सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही हैं।
इस मौके पर पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जनसंघ के संस्थापक, महान चिंतक, शिक्षाविद और राजनेता थे जिन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपने जीवन का अंतिम समय तक कार्य किया। उन्होंने जनसंघ की स्थापना की और राष्ट्रवाद के प्रति देश की जनता को जागरूक किया। उन्होंने कश्मीर को भारत का अंग मानते हुए “एक देश, एक विधान, एक निशान” के लिए कार्य किया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने धारा 370 को समाप्त कर साकार किया।
भाजपा मसूरी मंडल महामंत्री कुशाल राणा ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को बंगाल में हुआ था और उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में भाग लिया। आजादी के बाद, वह पं. जवाहरलाल नेहरू की सरकार में केंद्रीय मंत्री उद्योग एवं आपूर्ति रहे, लेकिन बाद में विचारधारा में असहमति के कारण इस्तीफा दे दिया। उनकी मृत्यु 23 जून 1953 को कश्मीर में हुई थी।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके पदचिन्हों पर चलकर देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए और राष्ट्रवाद को प्रमुखता देनी चाहिए। इस मौके पर अमित भट्ट, राकेश अग्रवाल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, रजत अग्रवाल, सतीश ढौंडियाल, विजय बिंदवाल, अभिलाष, आशीष जोशी, सानू वर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Recent Comments