मुंबई , PAHAAD NEWS TEAM

भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी हालत बहुत गंभीर थी। उन्हें फिर से वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था । गायिका को 8 जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आपको बता दें कि लता मंगेशकर 92 साल की थी और उन्हें उम्र संबंधी अन्य समस्याएं भी थी ।

लता मंगेशकर का इलाज कर रही प्रतीत समधानी ने समाचार एजेंसी को बताया था कि लता जी की तबीयत फिर से खराब हो गई थी। उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।

लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था। वह भारत की सबसे लोकप्रिय और सम्मानित गायिका थीं। जिनका छह दशक का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। लता जी ने तीस से अधिक भाषाओं में फिल्मी और गैर-फिल्मी गीत गाए हैं लेकिन उन्हें भारतीय सिनेमा में एक पार्श्व गायिका के रूप में पहचान मिली है। अपनी बहन आशा भोंसले के साथ लता जी का सबसे बड़ा योगदान फिल्म गायन में रहा है। भारतीय उपमहाद्वीप के साथ-साथ पूरी दुनिया में लता की जादुई आवाज के दीवाने है। लता दीदी को भारत सरकार द्वारा ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया है।

लता का जन्म इंदौर में हुआ था लेकिन उनका पालन-पोषण महाराष्ट्र में हुआ। वह बचपन से ही सिंगर बनना चाहती थी। अपने पिता की मृत्यु के बाद (जब लता केवल तेरह वर्ष की थी), लता को पैसे की बहुत किल्लत झेलनी पड़ी और बहुत संघर्ष करना पड़ा। उन्हें अभिनय बहुत पसंद नहीं था लेकिन अपने पिता की असामयिक मृत्यु के कारण, उन्हें पैसे के लिए कुछ हिंदी और मराठी फिल्मों में काम करना पड़ा। काफी संघर्ष के बाद उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी एक अलग जगह बना ली थी। लता दीदी के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।