हरिद्वार। उत्तराखंड लोकसेवा आयोग के कार्यालय के सामने आज अभ्यर्थियों ने कृषि विभाग की भर्ती के अंतिम परिणाम जारी करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि काफी समय से परीक्षा संपन्न हो चुकी है, लेकिन अभी तक परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं, जिससे उन्हें निराशा और असमंजस का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने आयोग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 अक्टूबर तक कृषि विभाग भर्ती के अंतिम परिणाम जारी नहीं किए गए, तो 16 अक्टूबर से उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, और अब धैर्य की सीमा खत्म हो चुकी है।

इससे पहले भी उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं द्वारा कई बार सरकार और आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किए गए हैं, लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं हो पाई हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार आयोग अभ्यर्थियों की मांग पर ध्यान देकर समय पर परिणाम जारी करता है या आंदोलन और तीव्र होता है।

इस अवसर पर विकास कुमार, शुभम पंवार, जैकी कुमार, सागर चौधरी, अरविन्द कुमार, साक्षी परसा, स्नेही चौहान आदि लोग मौजूद थे।