देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री पुरूषोत्तम रूपाला से मुलाकात की और उत्तराखंड में पशुपालन एवं डेयरी से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से राष्ट्रीय पशुधन मिशन योजना के अंतर्गत पशुधन बीमा की बकाया धनराशि जारी करने तथा प्रदेश में संचालित चलित पशु चिकित्सा वाहनों की सेवाएँ शेष 35 विकासखण्डों में उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में चल रही विभिन्न रोजगार योजनाओं में पशुपालन संबंधी योजनाओं का महत्वपूर्ण स्थान है। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय पशुधन मिशन योजना के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य के सीमांत पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों के पशुपालकों के लिए पशुधन बीमा चलाया जाता है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में योजनान्तर्गत स्वीकृत 40 करोड़ रूपये के सापेक्ष 14 करोड़ 26 लाख 25 हजार रूपये की धनराशि प्राप्त हुई।जिसमें केंद्र का हिस्सा 8 करोड़ 67 लाख 66 हजार रुपये और राज्य का हिस्सा 5 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपये था. इस योजना के तहत राज्य में पशुधन बीमा के लक्ष्य के विरूद्ध कुल 1,45,451 मवेशियों का बीमा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से स्वीकृत योजना के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु स्वीकृत बजट की शेष राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने उत्तराखंड राज्य में आधुनिक तकनीक को पशुपालकों के दरवाजे तक पहुंचाया है।
चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 60 चलंत पशु चिकित्सा वाहन संचालित किये जा रहे हैं। जिसके माध्यम से 58392 पशुओं का पशुपालकों के घरों पर ही उपचार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के शेष 35 विकासखण्डों में भी इसी प्रकार की सेवाओं के लिये 786.94 लाख रूपए धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें 764.246 लाख रूपए का केन्द्रांश और 22.694 लाख रूपए का राज्यांश रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की भेड़-बकरियों के स्वास्थ्य को बनाये रखने के लिए भारत सरकार के सहयोग से पीपीआर उन्मूलन योजना क्रियान्वित की जा रही है. वर्ष 2030 तक पीपीआर मुक्त करने की महत्वाकांक्षी टीकाकरण योजना के लिए उत्तराखंड को वैक्सीन की 14 लाख खुराक की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री श्री पुरूषोत्तम रूपाला ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।


Recent Comments