रविवार को दारमा घाटी में चीन सीमा के पास गांव बालिंग और दुग्तू के बीच लौखुंग नाले में ग्लेशियर टूट गया। सड़क बंद होने से प्रसिद्ध पंचाचूली में दर्जनों ग्रामीण और पर्यटक फंस गए हैं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दांतू निवासी होम स्टे पानु दताल ने बताया कि वह सात लोग गांव की ओर जा रहे थे।

इसी बीच ऊपरी लौखुंग नाले में अचानक से ग्लेशियर टूटने लगा, जिसे देख हर कोई अपनी जान बचाकर भागा। वाहन मालिक गोविंद सेलाल ने बताया कि ग्लेशियर करीब 20 मीटर क्षेत्र में पहुंच गया है। घटना की सूचना कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को दी गई।

गोविंद ने कहा कि दो दिन तक मार्ग बंद रहने की संभावना है। घटना की जानकारी मिलने पर संस्था के एई अनिल सिंह बनग्याल ने बताया कि मौसम अनुकूल होने पर सड़क की सफाई का काम शुरू कर दिया जायेगा.