टिहरी/कैंपटी। 24 अगस्त 2025 को थाना कैंपटी पुलिस को सूचना मिली कि सैंजी गाँव में दो लोग तमंचे के बल पर एक महिला का अपहरण करने की कोशिश कर रहे हैं और फायरिंग भी की जा रही है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कैंपटी फोर्स सहित घटनास्थल पर पहुँचे। जाँच में पता चला कि सैंजी निवासी सुशील पुत्र सोबन सिंह रावत ने हाल ही में पीड़िता से विवाह किया था। पीड़िता के परिवार ने पहले उसकी शादी सोबिर पुत्र अडीमल (निवासी शरीफपुर, हापुड़, उत्तर प्रदेश) से तय की थी, लेकिन पीड़िता ने सोबिर से शादी से इंकार कर सुशील से विवाह कर लिया।

इसी बात से नाराज सोबिर ने अपने साथी सुखचैन सिंह पुत्र बलजीत सिंह (निवासी मुगलचक, तरन तारन, पंजाब) के साथ मिलकर सैंजी गाँव में पीड़िता को जबरन उठाने की कोशिश की। दोनों ने तमंचे से धमकाया और फायरिंग भी की। गाँव वालों के शोर मचाने पर पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर पहुँचने से पहले ही ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और मारपीट की। इसमें सोबिर गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे पुलिस ने मसूरी अस्पताल में भर्ती कराया। सुखचैन सिंह को भी जंगल में छिपे होने के दौरान पकड़ा गया और घायल अवस्था में अस्पताल पहुँचाया गया।

पीड़िता की तहरीर पर थाना कैंपटी में बीएनएस की धारा 109, 138, 333, 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष कैंपटी महिपाल सिंह रावत कर रहे हैं।

मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मसूरी और कैंपटी पुलिस बल तैनात किया गया।