मसूरी। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) से सम्बद्ध आँगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन की आम बैठक में जयश्री को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और ममता को महासचिव चुना गया।
कुलड़ी लंढौर मार्ग स्थित होटल के सभागार में आयोजित आम सभा में सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज, आंगनवाड़ी यूनियन की प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष जानकी चौहान, जिला अध्यक्ष ज्योतिका पांडेय, महामन्त्री रजनी गुलेरिया, होटल एंड रेस्टोरेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सोबन सिंह पंवार, शैलेन्द्र बिष्ट ने विचार व्यक्त किए।इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि अब सभी मजदूरों को एकजुट होकर भाजपा मोदी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के मजदूर विरोधी कदमों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए 5 अप्रैल, 2023 को दिल्ली में होने वाली मजदूर किसान संघर्ष रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगी.

वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा 29 श्रम कानूनों को रद्द कर चार श्रम संहिताएं बनाई जा रही हैं, जिसे मजदूर लागू नहीं होने देंगे. वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार भी केंद्र की मोदी सरकार के नक्शेकदम पर चल रही है और वे भी इस सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं.इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि मसूरी में आंगनबाड़ी देहरादून शहर से जुड़ी हुई हैं, जिसके कारण उन्हें सभी प्रशिक्षण का खर्च आर्थिक रूप से वहन करना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान होता है। वक्ताओं ने कहा कि वे इस मुद्दे को अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे।
वार्षिक आम बैठक के बाद, मसूरी इकाई की कार्यकारी समिति का गठन किया गया, जिसमें जयश्री को अध्यक्ष, पदमिनी भारती व देवेश्वरी देवी उपाध्यक्ष, ममता राव महामन्त्री, लक्ष्मी अग्रवाल कोषाध्यक्ष, मीना नेगी को सचिव और 5 सदस्य कार्यकारणी में चुने गए।
इस मौके पर आशा, दीपा, चंचल, प्रमिला, सुमित्रा, सुनीता, स्वाति सरियाल, उर्मिला, बबिता, पूनम, रजिया बनो सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सेविकाएं मौजूद रहीं।


Recent Comments