श्रीनगर: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीन शिक्षक भी स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के एक शोध समूह द्वारा जारी दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं. गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आरके मैखुरी, डॉक्टर अजय सेमल्टी और प्रोफेसर रमोला दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में फिर से जगह बनाने में सफल रहे।

गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के खाते में यह एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विश्वविद्यालय के पर्यावरण विभाग के प्रमुख प्रोफेसर आरके मैखुरी, फार्मेसी विभाग के डॉक्टर अजय सेमल्टी एवं भौतिक विभाग के सीनियर प्रोफेसर आरसी रमोला ने दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में अपनी जगह बनाई है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक शोध समूह द्वारा 10 अक्टूबर को जारी किया गया।

प्रोफेसर आरके मैखुरी और प्रोफेसर आरसी रमोला ने दूसरी बार सूची में जगह बनाई है। इस लिस्ट में डॉक्टर अजय सेमल्टी ने तीसरी बार अपनी जगह बनाई है. तीनों को अपने-अपने क्षेत्र में काफी माहिर माना गया है। तीनों के टॉप दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होने पर विवि के शिक्षकों ने खुशी जताई है। वहीं इसे विश्वविद्यालय के खाते में एक बड़ी उपलब्धि भी माना जा रहा है.

कौन हैं ये वैज्ञानिक और क्या हैं इनकी उपलब्धियां
प्रोफेसर आरके मैखुरी : प्रोफेसर आरके मैखुरी हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में पर्यावरण विभाग के विभागाध्यक्ष हैं. प्रो. मैखुरी जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान की गढ़वाल इकाई में प्रभारी वैज्ञानिक के पद पर 39 वर्ष के शोध कार्यकाल के बाद मई 2020 से गढ़वाल विश्वविद्यालय में काम कर रहे हैं। उन्होंने 20 से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शोध परियोजनाओं पर अपने काम के साथ 211 पत्र प्रकाशित किए हैं।

प्रोफेसर अजय सेमल्टी : प्रोफेसर अजय सेमल्टी भीहेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में हैं। पिछले 19 वर्षों से फार्मेसी विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. अजय सेमल्टी तीसरी बार स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। उनके 90 शोध पत्र, 11 पुस्तकें और दो पुस्तक अध्याय प्रकाशित हो चुके हैं।

वरिष्ठ प्रोफेसर आरसी रमोला : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के टिहरी परिसर में भौतिकी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर आरसी रमोला को दूसरी बार इस सूची में शामिल किया गया है. उन्हें रेडॉन विकिरण, पर्यावरण सुरक्षा और पदार्थ भौतिकी में शोध का अनुभव है। उनके नाम कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार, 175 शोध पत्र, 26 पुस्तक अध्याय, सात पुस्तकें और 12 शोध परियोजनाएं हैं।