रुद्रप्रयाग , PAHAAD NEWS TEAM
नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के बाद केदारनाथ धाम में ई-पास की अनिवार्यता खत्म होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है. ई-पास की व्यवस्था के तहत जहां एक दिन में आठ सौ श्रद्धालु ही बाबा केदार के द्वार पर पहुंच रहे थे, वहीं अब धाम पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या दो हजार के पार पहुंच गई है. संख्या बढ़ने के बाद अब श्रद्धालुओं को लाइन में लगा कर बाबा केदार के दर्शन कराये जा रहे हैं. हालांकि धाम में भी कोरोना गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम में ई-पास की अनिवार्यता खत्म होने के बाद हजारों की संख्या में यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. भक्त हेली सेवा और पैदल ही बाबा केदार की यात्रा कर रहे हैं। बाबा केदार का मंदिर अब भक्तों से भर गया है। जब तक ई-पास की व्यवस्था थी, बाबा केदार में एक दिन में आठ सौ श्रद्धालु ही दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। उन्हें आसानी से बाबा केदार के दर्शन दिए जा रहे थे। लेकिन ई-पास व्यवस्था खत्म होने के बाद यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लाइन में लगना पड़ रहा है. मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है और बाबा के दर्शन के लिए लंबा इंतजार किया जा रहा है.
अनिवार्य ई-पास खत्म होने के बाद पहले दिन 2,300 तीर्थयात्री केदारनाथ पहुंच चुके हैं। वहीं अब तक 16 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ पहुंचने के बाद भक्तों में खासा उत्साह है। भैरवनाथ मंदिर में भी भक्त भगवान केदारनाथ के दर्शन और बाबा भैरवनाथ का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं माना जाता है कि बाबा भैरवनाथ के दर्शन के बिना केदारनाथ की यात्रा अधूरी मानी जाती है।
उधर, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मनुज गोयल ने कहा कि केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर अस्थायी शौचालयों का निर्माण किया गया है। गौरीकुंड से केदारनाथ तक सोनप्रयाग, गुप्तकाशी और फाटा तक 100 सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है. उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यात्रा पड़ावों पर चिकित्सा राहत चौकियां बनाई गई हैं. स्वास्थ्य केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। केदारनाथ में वेंटिलेटर सिस्टम है। बेस कैंप और केदारपुरी में स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कोविड केयर सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जा रही है.


Recent Comments