पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM

पिथौरागढ़ में 5 दिसंबर को एक विशाल बहुद्देश्यीय विधिक एवं चिकित्सा साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर में कानून मंत्री किरन रिजिजू के साथ देश और राज्य की तमाम न्यायिक हस्तियां पहुंचेंगी.

पिथौरागढ़ के जिला न्यायाधीश डॉ जीके शर्मा ने मीडिया को शिविर आयोजित करने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि देव सिंह मैदान में आयोजित होने वाले शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ न्यायाधीश यूयू ललित, केंद्रीय कानून मंत्री किरन रिजिजू, नैनीताल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश राघवेंद्र सिंह चौहान, वरिष्ठ न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा शामिल होंगे. .

शिविर में कानूनी जानकारी के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी जाएगी. निःशुल्क एक्सरे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, खून की जांच आदि सेवाओं के साथ ही कंबल, बैसाखी, चश्मे, व्हीलचेयर आदि का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। विभिन्न रोगों की जांच के साथ ही कैंसर रोग विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं देंगे। स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन भी शिविर में आने वाले लोगों को अपनी सेवाएं देंगे । श्रम विभाग शिविर में श्रमिकों का पंजीकरण करेगा। इसके साथ ही विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन आदि के लिए भी पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर का आयोजन जरूरतमंदों तक उनके अधिकार पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।