रुद्रप्रयाग , PAHAAD NEWS TEAM

श्री केदारनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर मुख्य सचिव डाॅ. एस.एस. संधु ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया. मुख्य सचिव ने निरीक्षण के दौरान क्रियान्वयन संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि केदारपुरी में किये जा रहे सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाये. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ में सुविधाओं का विकास किया जाना है और तीर्थ पुजारियों के लिए आवासीय भवन, अस्पताल नियंत्रण केंद्र, प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा है. संगमघाट मंदिर समिति, तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएं इसके लिए रैन शैटर, आस्थापथ का निर्माण कार्य आदि जो भी निर्माण कार्य गतिमान हैं उन कार्यों को शीघ्रता से शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्होंने कार्यकारिणी संगठन को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और ठहरने , खाने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए ।

मुख्य सचिव ने सचिव पर्यटन एवं जिलाधिकारी को मंदाकिनी व सरस्वती नदी के दोनों किनारों पर सुरक्षा व्यवस्था के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिये. जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य सचिव को केदारपुरी में चल रहे निर्माण कार्यों से अवगत कराया और निरीक्षण के दौरान जो भी निर्देश दिये गये हैं उनका अनुपालन संबंधित कार्यकारिणी द्वारा तत्परता से किया जायेगा.

इस अवसर पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, मुख्य अभियंता लो.नि.वि. अहमद, अपर मुख्य अधिकारी/कार्यकारी अधिकारी केदारनाथ योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, उप जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, अधीक्षण अभियंता विद्युत एस. एस. कंवर, अधिशासी अभियंता डीडीएमए प्रवीण कर्णवाल, जल संस्थान सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कार्यकारी संगठनों के अधिकारी उपस्थित थे।