मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ों की रानी मसूरी में भारी बर्फबारी और लंबे जाम के बीच पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिसाल कायम की है. भारी बर्फबारी के बीच जाम में फंसी महिला के वाहन को पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़िता के पति ने पुलिस-प्रशासन की मदद के लिए सभी का आभार जताया है.

यह घटना देर शाम करीब आठ बजे की है। माल रोड पर बर्फबारी और जाम के कारण महिला का वाहन ग्रीन रेस्टोरेंट के पास फंस गया. इस दौरान प्रसव पीड़ा से महिला की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। इस दौरान महिला के पति ने लोगों से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद स्थानीय निवासी अनिल सिंह अन्नू ने अपने साथियों से मदद मांगी. जिसके बाद स्थानीय लोग और भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित महिला की मदद के लिए पहुंचे.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मसूरी के एसडीएम नरेश दुर्गापाल व मसूरी कोतवाल गिरीश चंद शर्मा ने पुलिस टीम व प्रशासनिक टीम को अलर्ट कर पीड़ित महिला को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. लगातार हो रही बर्फबारी व जाम को देखते हुए स्थानीय लोग व पुलिसकर्मी प्रसव पीड़ित महिला के वाहन को सड़क किनारे करीब दो किलोमीटर दूर लंढौर बाजार होते हुए सिविल अस्पताल ले गए.

एसडीएम मसूरी नरेश दुर्गापाल ने सभी विभागों को अलर्ट कर महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. अस्पताल प्रबंधन द्वारा महिला के उपचार के लिए तत्काल कार्रवाई की गई। वहीं, काफी मशक्कत के बाद मां और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।

मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष मंडल ने बताया कि एक पत्रकार की सूचना पर तत्काल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को की गाड़ी में धक्का लगाते हुए अस्पताल पहुंचाया गया . उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को दे दी गई , जिसके माध्यम से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अपने स्तर पर अलर्ट कर दिया गया. महिला और उसके परिवार को पूरी मदद करने के निर्देश दिए गए।

पीड़िता के पति दीपक नेगी ने पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद के लिए लोगों का आभार जताया. नायब तहसीलदार भोपाल सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित महिला की हर संभव मदद की गयी है. सभी के सहयोग से मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।