देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में रावल भीमाशंकर की उपस्थिति में पंचांग गणना से महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निकली. महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर एक मार्च को ओंकारेश्वर मंदिर में सुबह सात बजे से विशेष पूजा शुरू होगी.

ओंकारेश्वर मंदिर में शुरू हुई सारी तैयारियां..

इस अवसर पर आराध्य देवताओं के श्रृंगार और आरती के बाद भोग लगाया जाएगा। केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग की उपस्थिति में सुबह 9.30 बजे पंचांग की गिनती के बाद आचार्यगणों व वेदपाठियों द्वारा केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने की तिथि और समय की घोषणा की जाएगी. इसके साथ ही बाबा के पंचमुखी चल उत्सव विग्रह डोली के शीतकालीन आसन ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान का दिन भी तय होगा.

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर में सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इधर, समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश चंद्र गौड़ ने बताया कि महाशिवरात्रि के पर्व पर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, मुख्य कार्यधिकारी बीडी सिंह, सदस्य व वरिष्ठ तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती आदि उपस्थित थे.