मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

सीओ मसूरी ने पर्यटन सीजन को लेकर व्यापारियों, टैक्सी यूनियनों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर सीजन के दौरान आने वाली समस्याओं और यातायात व्यवस्था में सुधार पर चर्चा की. बैठक में मौजूद लोगों ने कई सुझाव दिए।

बैठक में सीओ मसूरी पल्लवी त्यागी ने बताया कि मसूरी में यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई है, जिसमें अधिकारियों को मसूरी में व्यवस्थाओं में सुधार करने को कहा गया है. उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित समय के दौरान माल रोड पर वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रतिबंधित समय के दौरान माल रोड पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए. साथ ही टैक्सी स्कूटी के लिए पार्किंग की भी निश्चित व्यवस्था की जाए, जहां से इनका संचालन किया जा सके। उन्होंने बताया कि माल रोड पर दिन में बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और रात में ही माल रोड पर उन्हें जाने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

बैठक में ट्रेड यूनियन अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महासचिव जगजीत कुकरेजा, कोषाध्यक्ष नागेद्र उनियाल, टैक्सी यूनियन के मुकेश खरोला, सलीम अहमद, अनंत प्रकाश, शिव अरोड़ा आदि मौजूद थे.