देहरादून। चमोली जिले की नीती घाटी में भारी बारिश के कारण उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के हवलदार पंकज की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और उनके परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि हवलदार पंकज की तलाश में चल रहे खोज एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जाए और अभियान में हरसंभव तेजी लाई जाए।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी।

हवलदार पंकज की तलाश में सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच टीमें लापता जवान की तलाश में जुटी हैं।

हवलदार पंकज मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी उनके परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और अभियान की स्थिति की जानकारी ली जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हवलदार पंकज को सुरक्षित तलाशना है और इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।