देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काफी सख्त नजर आए. उन्होंने कहा कि राज्य में विकास को गति देने के लिए न तो वह चैन से सोएंगे और न ही अधिकारियों को सोने देंगे.
सड़क व पुल के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। कार्य की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद पुष्कर सिंह धामी अब पूरी तरह से विकास कार्यों की समीक्षा में लगे हैं. इसकी शुरुआत उन्होंने सोमवार को सचिवालय में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक से की.
बैठक में उन्होंने कहा कि जनहित में अधिकारियों को अपनी कार्य संस्कृति और कार्य व्यवहार में सुधार करना होगा. इसके लिए पूरे सिस्टम को मजबूत करना होगा। लोक निर्माण विभाग के शेष कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को हर पखवाड़े पेश की जाए।
विभाग के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए समय सीमा निर्धारित करें। उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन क्षेत्रों के लिए कार्य योजना तैयार कर सात दिन के भीतर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि भू-स्खलन क्षेत्रों का दीर्घकालिक उपचार कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
बैठक में बताया गया कि चारधाम परियोजना के तहत 889 किमी लंबाई के 53 कार्यों में से 691 किमी के 41 कार्यों को मंजूरी दी गई है. भारतमाला परियोजना के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों की सामरिक दृष्टि से यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 628 किलोमीटर के पांच मार्गों का चयन किया गया है।

