मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

करीब तीन महीने से ब्रेन हेमरेज जैसी घातक बीमारी से उत्तराखंड राज्य की आंदोलनकारी सुभाषिनी बर्त्वाल जूझ रही हैं. मैक्स अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। लेकिन उनके परिवार को इलाज का खर्चा चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके इलाज का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की गई , जिसका मसूरी के राज्य के आंदोलनकारियों और राजनीतिक दलों ने स्वागत किया है.

आपको बता दें कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मसूरी की प्रमुख राज्य आंदोलनकारी सुभाषिनी बर्त्वाल पिछले 5 जनवरी से ब्रेन हेमरेज जैसी घातक बीमारी से जूझ रही हैं. वह मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं. उनके इलाज में काफी खर्चा आता है। इसे देखते हुए प्रदेश आंदोलनकारी एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद रवींद्र जुगराण व मसूरी विधायक गणेश जोशी ने सरकार से मांग की थी कि प्रदेश आंदोलनकारी सुभाषिनी बर्त्वाल के इलाज का खर्च सरकार वहन करे. इसके लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए ।

हाल ही में मसूरी में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुभाषिनी बर्त्वाल के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करने की घोषणा की थी. सीएम के इस ऐलान का राज्य के आंदोलनकारियों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, उत्तराखंड राज्य आंदोलन मंच के देवी गोदियाल, पूरण जुयाल व सुभाषिनी बर्त्वाल के पति जबर सिंह बर्त्वाल सहित राजनैतिक व सामाजिक संगठनो ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य मंत्री गणेश जोशी और रवीद्र जुगराण को विशेष धन्यवाद दिया गया है।

मालूम हो कि मसूरी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में अहम भूमिका निभाई है और यहां सात लोगों ने शहादत दी थी. वहीं पुलिस ने राज्य के आंदोलनकारियों को प्रताड़ित किया और मसूरी फायरिंग मामले में सुभाषिनी बर्त्वाल और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया, जो दस साल तक चला और उसके बाद सम्मानपूर्वक बरी कर दिया गया।