धनोल्टी/टिहरी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR)-2026 अभियान के तहत 14 धनोल्टी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
इस अभियान के सफल संचालन में उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, धनोल्टी, तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, धनोल्टी, नैनबाग और कंडीसौड़, सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों, बीएलओ (Booth Level Officers), बीएलओ सुपरवाइजरों तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समयबद्ध, जिम्मेदारीपूर्ण और समन्वित तरीके से कार्य करते हुए निर्धारित समय के भीतर डिजिटाइजेशन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।
निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने इस कार्य में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

