देहरादून।
पवेलियन ग्राउंड में चल रहे द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मैच में दून चैलेंजर्स ने अक्षय राज की शानदार हैट्रिक की बदौलत डीएफए को 6-0 से एकतरफा शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में ड्रैगन एफसी ने हिमालयन एफसी को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की।
दून चैलेंजर्स और डीएफए के बीच खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही दून चैलेंजर्स का दबदबा देखने को मिला। मैच के सातवें मिनट में फॉरवर्ड कारण ने गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 17वें और 37वें मिनट में अक्षय राज ने लगातार दो गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
मध्यांतर के बाद भी दून चैलेंजर्स ने आक्रामक खेल जारी रखा। 44वें मिनट में अमन राणा ने चौथा गोल दागा। इसके बाद 50वें मिनट में अक्षय राज ने गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और स्कोर 5-0 कर दिया। 55वें मिनट में नवीन ने गोल कर टीम को 6-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए अक्षय राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में ड्रैगन एफसी और हिमालयन एफसी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने तेज और संतुलित खेल दिखाया। मैच के 34वें मिनट में ड्रैगन एफसी के फॉरवर्ड शिवांश ने डी-बॉक्स में मिले पास को गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
गोल खाने के बाद हिमालयन एफसी ने बराबरी के कई प्रयास किए, लेकिन अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ी मौके भुनाने में असफल रहे। मैच के 84वें मिनट में हर्ष ने गोल दागकर ड्रैगन एफसी की 2-0 से जीत सुनिश्चित कर दी। इस मैच में ड्रैगन एफसी के फानते खड़का को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट में सोमवार को देहरादून हॉस्टल और पछवादून के बीच तथा ग्राफिक एरा एफसी और राजपुर एफसी के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।


Recent Comments