देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान और मौसम पोर्टल पर दर्ज तापमान के अनुसार जनपद देहरादून में इन दिनों अत्यधिक गर्मी और लू (हीटवेव) की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने 27 अप्रैल 2026 को भी जिले में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है।
लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के चलते विद्यार्थियों, छोटे बच्चों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। एहतियातन कदम उठाते हुए प्रशासन ने जनपद देहरादून के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

