नैनबाग। आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को सरदार सिंह रावत आदर्श इंटर कॉलेज, नैनबाग के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 14 धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र, तहसील नैनबाग के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों तथा अतिरिक्त वॉलेंटियर के लिए दूसरे चरण के तहत आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (DLMT) गौरव चटवाललक्ष्मी यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में त्रुटियों को न्यूनतम करने और प्रत्येक पात्र नागरिक तक निर्वाचन प्रक्रिया की पहुंच सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर-2026 अभियान के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 8 जून से 17 जून 2026 तक प्रथम चरण में गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक फार्म पहुंचाएंगे, ताकि कोई भी परिवार या पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत 18 जून से होगी, जिसमें बीएलओ द्वारा भरे हुए एवं हस्ताक्षरित गणना फार्म एकत्र किए जाएंगे। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मतदाता को फार्म जमा करने के बाद प्राप्ति रसीद अवश्य प्रदान की जाए तथा सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।
प्रशिक्षण में डिजिटल तकनीक के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि प्रत्येक गणना फार्म को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, जिससे रियल टाइम संकलन, सत्यापन और निगरानी संभव हो सकेगी। बीएलओ को एप के नवीनतम संस्करण के उपयोग, डेटा एंट्री और ऑनलाइन सबमिशन का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप और ईसीआई नेट पोर्टल के माध्यम से फार्म डाउनलोड, भरकर अपलोड करने सहित अन्य निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि वे मतदाताओं को इन सुविधाओं के प्रति जागरूक करें।
नायब तहसीलदार नैनबाग भूपेंद्र राणा ने कहा कि तकनीकी दक्षता बढ़ने से पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता और गति में सुधार आएगा। इस अवसर पर बीएलओ को प्रशिक्षण सामग्री एवं कार्य निष्पादन हेतु विशेष किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि एसआईआर-2026 अभियान के माध्यम से 14 धनोल्टी की मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सकेगा, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी टिहरी (DLMT), नायब तहसीलदार नैनबाग भूपेंद्र राणा, रजिस्ट्रार कानूनगो बलदेव तोमर, जिला निर्वाचन विभाग के प्रतिनिधि तथा समस्त बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।


