देहरादून। आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से नैनबाग में दूसरे चरण का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरदार सिंह रावत आदर्श इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों और अतिरिक्त वॉलेंटियरों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।

जिला सेवायोजन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (डीएलएमटी) लक्ष्मी यादव ने कहा कि एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में त्रुटियों को कम करने और पात्र मतदाताओं तक निर्वाचन प्रक्रिया की पहुंच सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण के तहत 8 जून से 17 जून 2026 तक गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण किया जाएगा।

इस अवधि में बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराएंगे। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता या परिवार निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित न रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित कार्मिकों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की।

डिजिटल तकनीक से होगी रियल टाइम निगरानी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया कि प्राप्त होने वाले प्रत्येक गणना फार्म को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज्ड कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।

इस व्यवस्था से निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का रियल टाइम संकलन, सत्यापन और निगरानी संभव होगी। बीएलओ को एप के नवीनतम संस्करण के उपयोग, डेटा एंट्री, दस्तावेज अपलोड और ऑनलाइन सबमिशन की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।